
नो एंट्री में ट्रैक्टरों के प्रवेश से शहर की यातायात व्यवस्था और बिगड़ी: श्यामधर दुबे
मिर्ज़ापुर नगर में पहले से ही बदहाल यातायात व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर की सड़कों पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित ढंग से खड़ी गाड़ियों के कारण यातायात पहले ही प्रभावित है, वहीं नो एंट्री के समय ट्रैक्टरों को शहर में प्रवेश दिए जाने से स्थिति और भी खराब होती जा रही है। बताया जा रहा है कि कई ट्रैक्टरों पर अवैध रूप से बालू लदी होती है, जिससे शहर के भीतर जाम की समस्या बढ़ जाती है।
जानकारों का कहना है कि ट्रैक्टर मुख्य रूप से सिंचाई कार्य के लिए लिया जाता है, लेकिन इसके बावजूद शहर के भीतर भारी संख्या में ट्रैक्टरों का प्रवेश कराया जा रहा है। शहर के बाहरी छोर पर पुलिस चौकी की मौजूदगी के बावजूद नो एंट्री के समय ट्रैक्टरों को शहर में आने दिया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
इस मामले में आरोप लगाते हुए श्यामधर दुबे, उत्तर प्रदेश महामंत्री, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) ने कहा कि फतहा चौकी पर इस मामले में सबसे अधिक लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
श्यामधर दुबे ने कहा कि यदि चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाए तो यह साफ हो जाएगा कि नो एंट्री के समय कितने ट्रैक्टरों और वाहनों को अवैध तरीके से शहर में प्रवेश दिया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।















