
अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से त्रिमोहानी चौराहे पर यातायात व्यवस्था चरमराई

मिर्जापुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के त्रिमोहानी चौराहे पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले लगभग एक वर्ष से यह समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन अब तक इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि कुछ दुकानदारों द्वारा सड़कों पर अतिक्रमण कर दुकान का सामान फैलाने से मार्ग पहले ही संकरा हो चुका है। वहीं दूसरी ओर वाहन स्वामियों ने सड़क के एक हिस्से को ही पार्किंग स्थल बना दिया है, जिसके कारण कई बार सड़क पूरी तरह जाम की स्थिति में पहुंच जाती है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यही स्थिति शहर के पक्के घाट और पुरानी बजाजी जैसे क्षेत्रों में भी देखने को मिल रही है, जहां अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था विकराल रूप ले चुकी है।
क्षेत्र के नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए, ताकि यातायात सुचारु रूप से चल सके। लोगों का यह भी कहना है कि यदि प्रशासन अतिक्रमण हटाने में असमर्थ है तो संबंधित स्थानों पर बैरियर लगाकर चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाए, जिससे जाम की समस्या से कुछ राहत मिल सके।















