चोरी की चैन बरामद, नाबालिग को भगाने के मामले में भी गिरफ्तारी

चोरी की चैन बरामद, नाबालिग को भगाने के मामले में भी गिरफ्तारी

मीरजापुर। जनपद में अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 26 व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
कटरा कोतवाली पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित आरोपी अमित कुमार पुत्र श्याम चरण निवासी प्रेम नगर जनपद झांसी को गिरफ्तार किया। इस मामले में 31 जनवरी 2024 को पीड़िता की मां की तहरीर पर धारा 363, 366 भादवि व पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया।
इसी क्रम में कटरा पुलिस ने चोरी के एक मामले में भी कार्रवाई करते हुए सुल्तानीपुर थाना चिरैयाकोट जनपद मऊ निवासी अभियुक्ता रीती पत्नी राकेश को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक चैन (पीली धातु) बरामद की। इस संबंध में रीता गुप्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
वहीं कोतवाली देहात पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में करन बिंद पुत्र बब्लू बिंद निवासी नैपुरवा अर्जुनपुर को गिरफ्तार किया। इस मामले में पांच मार्च को मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया।
इसके अलावा जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत 26 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें पड़री थाना क्षेत्र के 11, चुनार के 2, जमालपुर के 3, लालगंज के 5, हलिया के 2, जिगना के 3 तथा राजगढ़ के 2 लोग शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें