
मिर्जापुर: खेत में मिट्टी खोदने को लेकर विवाद के बाद युवक की मौत, एक हिरासत में
मिर्जापुर। जिगना थाना क्षेत्र के ग्राम गोगांव में खेत में मिट्टी खोदने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना 17 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अजय तिवारी, ब्रिजेश तिवारी उर्फ बल्लू तथा ललित तिवारी उर्फ ऋषि अपने खेत में मिट्टी खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान दिनेश चौबे ने इसका विरोध किया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद दिनेश चौबे अपने घर लौट गए।
कुछ देर बाद दिनेश चौबे ने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। तहरीर के आधार पर जिगना थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपी अजय तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है तथा पुलिस मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है।













