
ट्रैफिक समस्या पर एसपी का एक्शन, चौराहों का निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश
मीरजापुर। शहर में लगातार सामने आ रही जाम की समस्या पर पुलिस प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए व्यवस्था सुधार की पहल शुरू कर दी है। हाल ही में ट्रैफिक जाम को लेकर उठी खबर के बाद पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक खुद सड़कों पर उतरीं और प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
मंगलवार को नगर क्षेत्र के शास्त्री पुल, चिल्ह चौराहा, पुरजागीर चौराहा सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर निरीक्षण के दौरान एसपी ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने ज्यादा ट्रैफिक वाले रूट चिन्हित कर वहां रूट डायवर्जन लागू करने, वाहन पार्किंग के लिए स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने और ऑटो स्टैंड की व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जाम की समस्या को कम किया जा सके।
इसके साथ ही भारी वाहनों के नो-एंट्री समय से पहले शहर में प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने और जरूरत के अनुसार बैरियर लगाकर ट्रैफिक को नियंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने आम लोगों और दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
इसी क्रम में शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बजाजी पक्का घाट इलाके में भी जाम की गंभीर समस्या को एसपी ने संज्ञान में लिया और इसके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
गौरतलब है कि शहर में गलत साइड से वाहन चलने और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण रोजाना जाम की समस्या बन रही थी, जिसे लेकर खबर प्रकाशित की गई थी। उसी पर संज्ञान लेते हुए एसपी द्वारा किया गया यह निरीक्षण और निर्देश व्यवस्था सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि अब ट्रैफिक व्यवस्था में जल्द सुधार देखने को मिलेगा।















