UP के मिर्जापुर में हुए सड़क हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, किया मुआवजे का ऐलान

UP के मिर्जापुर में हुए सड़क हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, किया मुआवजे का ऐलान

ड्रमंडगंज घाटी में भीषण हादसा: बोलेरो में आग लगने से 8 जिंदा जले, कुल 11 की मौत; प्रधानमंत्री ने 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान

ड्रमंडगंज (मीरजापुर), 23 अप्रैल। ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार रात करीब आठ बजे हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। मध्यप्रदेश की ओर से चना लादकर मीरजापुर आ रहे ट्रक का बड़का मोड़ से करीब सौ मीटर पहले अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने पहले आगे चल रहे कंटेनर को टक्कर मारी और फिर बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो डिवाइडर से टकराकर पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई।

आग इतनी विकराल थी कि बोलेरो में सवार सभी आठ लोग जिंदा जल गए, जिनमें दो महिलाएं और दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बोलेरो करीब एक घंटे तक धू-धू कर जलती रही। फायर ब्रिगेड के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

हादसे की चपेट में आकर ट्रक चालक, खलासी और एक कार चालक की भी मौत हो गई। इस तरह कुल 11 लोगों की जान चली गई। कार चालक जय प्रकाश (निवासी मझिगांव, राबर्ट्सगंज, सोनभद्र) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक ने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया। ट्रक खलासी विकास शर्मा (जिला सागर, मध्यप्रदेश) की भी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही देर रात करीब 11 बजे जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस व फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद जले शवों को बाहर निकाला। मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।

हादसे के चलते घाटी में लंबा जाम लग गया, जिसे करीब एक घंटे बाद आंशिक रूप से बहाल कराया गया। बताया जा रहा है कि बोलेरो जिगना थाना क्षेत्र के रामपुर हंसवार श्रीनिवास धाम की थी।

मृतकों में बीना सिंह (40), वंदना सिंह (37), पंकज सिंह (30), पीयूष (18), सोनम (8), प्रियंका (43), शिवा (7), कार्तिकेय (18) और बोलेरो चालक विष्णु सिंह (35) निवासी नरैना/रामपुर हंसवार शामिल हैं।

घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन द्वारा भी राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें