मिर्जापुर होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2026 में नकल पर सख्ती, डीएम-एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण

मीरजापुर। होमगार्ड भर्ती परीक्षा को नकल विहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेएस जुबली इंटर कॉलेज, जीआईसी महुवरिया तथा जेडी बिन्नानी डिग्री कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की तलाशी, सीसीटीवी निगरानी तथा कक्षों में बैठने की व्यवस्था की गहन जांच की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई जाए, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नकल रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। साथ ही अभ्यर्थियों से भी अनुशासन बनाए रखने और नियमों का पालन करने की अपील की गई।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा, जिससे सभी अभ्यर्थियों को समान और निष्पक्ष अवसर मिल सके।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें