बेसहारा गोवंश पालिए, सरकार दे रही हर महीने 1500 रुपये प्रति गाय

बेसहारा गोवंश पालिए, सरकार दे रही हर महीने 1500 रुपये प्रति गाय

मुख्यमंत्री निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना से 1645 गोवंश को मिला सहारा

मीरजापुर, 13 मई। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना जिले में निराश्रित गोवंश के संरक्षण का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के तहत अब तक 518 पशुपालकों को 1645 निराश्रित गोवंश सुपुर्द किए जा चुके हैं, जिनकी देखभाल के लिए सरकार प्रति गोवंश 1500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेज रही है।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी अधिकतम चार गोवंश अपने पास रख सकता है। इससे जहां बेसहारा पशुओं को संरक्षण मिल रहा है, वहीं पशुपालकों को अतिरिक्त आर्थिक सहयोग भी प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने बताया कि जिले के 12 विकासखंडों में संचालित 49 गोवंश आश्रय स्थलों में 14,435 गोवंश संरक्षित हैं। इन आश्रय स्थलों पर चारा, पानी और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। बीमार गोवंश के इलाज के लिए पशु चिकित्सा विभाग की ओर से नियमित रूप से चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अटारी गांव निवासी लाभार्थी अजय कुमार ने बताया कि योजना के माध्यम से उन्हें बेसहारा गोवंश की सेवा करने का अवसर मिला है। समय पर आर्थिक सहायता मिलने से चारा-पानी की व्यवस्था सुचारु रूप से हो जाती है।

देवपुरा गांव की लाभार्थी उषा भारती ने कहा कि यह योजना छोटे पशुपालकों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। इससे गोवंश संरक्षण के साथ-साथ परिवार को आर्थिक सहारा भी मिल रहा है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें