अपहरण के आरोपी समेत अवैध हथियारों के साथ चार गिरफ्तार

मीरजापुर पुलिस की कार्रवाई: अपहरण के आरोपी समेत अवैध हथियारों के साथ चार गिरफ्तार, तीन वारंटी भी पकड़े गए

मीरजापुर, 17 मई 2026 जनपद पुलिस ने अपराध और कानून-व्यवस्था के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अपहरण के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अवैध तमंचा और चाकू के साथ चार अभियुक्तों को पकड़ा गया, जबकि तीन वारंटियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 19 व्यक्तियों का चालान किया गया।

कोतवाली देहात पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में संजय वर्मा निवासी जिउती को गिरफ्तार किया। इस संबंध में 15 मई को पीड़िता के परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

जिगना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान सौरभा मिश्रा निवासी चडैचा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक कारतूस, विवो मोबाइल फोन और 18,500 रुपये नकद बरामद किए गए। इस संबंध में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मड़िहान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बाराबंकी जिले के तीन व्यक्तियों साबीर अली, इज्जत अली और उसमान अली को गिरफ्तार किया। तीनों के पास से एक-एक अवैध चाकू बरामद हुआ। इनके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त कोतवाली कटरा, लालगंज और चुनार पुलिस ने एक-एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत 19 व्यक्तियों का चालान किया गया। इनमें कोतवाली कटरा से चार, कोतवाली देहात से तीन, जिगना से दो, अदलहाट से तीन, जमालपुर से एक, अहरौरा से दो और राजगढ़ से चार व्यक्ति शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद पुलिस लगातार अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें