डीएम ने सराफा व्यापारियों से कहा- पुराने गहनों के बदले नई ज्वेलरी खरीद को बढ़ावा दें

मिर्जापुर। देशहित में स्वर्ण आयात को संतुलित करने और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सर्राफा व्यापारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने व्यापारियों से पुराने सोने के गहनों के बदले नए आभूषणों की बिक्री को बढ़ावा देने तथा ग्राहकों को विशेष ऑफर देने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत विश्व के सबसे बड़े स्वर्ण आयातक देशों में शामिल है और हर वर्ष बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा सोने के आयात पर खर्च होती है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, युद्ध और अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता के कारण डॉलर की मांग तथा आयात लागत में वृद्धि हुई है, जिससे देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। ऐसे में बुलियन (सोने-चांदी की ईंट या बिस्कुट) की अनावश्यक खरीद-बिक्री सीमित कर विदेशी मुद्रा की बचत की जा सकती है।

बैठक में जिलाधिकारी ने सराफा व्यापारियों से अपील की कि वे पुराने गहनों के बदले नए गहनों की खरीद को प्रोत्साहित करें और इसके लिए ग्राहकों को आकर्षक ऑफर दें। उन्होंने कहा कि व्यापारी अपने स्तर पर उपयुक्त योजनाएं बनाकर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि आम उपभोक्ता भी इस पहल से जुड़ सकें।

सर्राफा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने प्रशासन की अपील का समर्थन करते हुए राष्ट्रहित में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने बताया कि मिर्जापुर में अधिकांश कारोबार पुराने आभूषणों के बदले नए आभूषणों की खरीद-बिक्री पर आधारित है और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर बुलियन कारोबार नहीं किया जाता।

जिलाधिकारी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन व्यापारिक गतिविधियों के सुचारु संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता देगा। उन्होंने सभी व्यवसायियों से 21 मई तक चल रही स्वजनगणना में भाग लेने, अपने परिजनों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने तथा भीषण गर्मी को देखते हुए दुकानों के सामने आमजन के लिए पेयजल और आरओ की व्यवस्था करने की अपील की।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजय कुमार सिंह, संयुक्त आयुक्त जीएसटी दिनेश कुमार दूबे, एसपी सिटी नितेश सिंह, उपायुक्त जीएसटी, एसडीएम सहित सर्राफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रकाश चौरसिया, मंत्री शिव मुंद्रा और बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी उपस्थित रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें