जिम के जरिए धर्मांतरण मामले में 10 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई

मीरजापुर। कोतवाली देहात क्षेत्र में जिम के माध्यम से युवतियों को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण कराने के चर्चित मामले में मीरजापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपी वर्तमान में जिला कारागार मीरजापुर में निरुद्ध हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली देहात में इस मामले से संबंधित दो मुकदमे क्रमशः संख्या 32/2026 और 33/2026 पहले से दर्ज हैं, जिनमें विस्तृत विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया जा चुका है। दोनों मामले वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं।

जांच में सामने आया कि गैंग का सरगना इमरान खान अपने साथियों के साथ मिलकर जिम में प्रशिक्षण के बहाने हिंदू युवतियों को अपने जाल में फंसाता था। आरोप है कि युवतियों के साथ शारीरिक संबंध बनाकर उनके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार किए जाते थे, फिर ब्लैकमेल कर धन उगाही की जाती थी और जबरन धर्म परिवर्तन कराया जाता था।

इन तथ्यों के आधार पर थाना कोतवाली देहात में मुकदमा संख्या 234/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि अपराध से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, थाना कोतवाली देहात ने संपन्न कराया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें