
नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म व दुष्कर्म के दो मामलों में वांछित आरोपी गिरफ्तार, 22 लोगों का शांति भंग में चालान
मिर्जापुर। जनपद पुलिस ने नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों के दो अलग-अलग मामलों में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में 22 व्यक्तियों के खिलाफ बीएनएसएस की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना संतनगर क्षेत्र में मार्च 2026 में दर्ज नाबालिग को भगाने के मामले की विवेचना के दौरान सामूहिक दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। मामले में वांछित आरोपी शिवकुमार यादव निवासी तुलसीपुर, थाना संतनगर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस, पॉक्सो एक्ट तथा एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा गया।
इसी प्रकार थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी रवि निवासी चेरूईराम को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इसके अलावा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 22
व्यक्तियों का बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत चालान किया। इनमें विन्ध्याचल से 3, कोतवाली शहर से 2, चुनार से 3, अदलहाट से 3, लालगंज से 3, संतनगर से 2, हलिया से 1 तथा मड़िहान थाना क्षेत्र से 5 व्यक्ति शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध एवं अराजक तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।














