
एएसपी कनिष्क आर. जामकर को भावभीनी विदाई, पुलिस अधीक्षक ने उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
मीरजापुर। पुलिस लाइन परिसर में शनिवार को सहायक पुलिस अधीक्षक कनिष्क आर. जामकर के व्यवहारिक प्रशिक्षण पूर्ण होने एवं स्थानांतरण के अवसर पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने उन्हें पुष्पमाला, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सुखद, सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने जनपद में प्रशिक्षण अवधि के दौरान कनिष्क आर. जामकर द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए और उनके भावी दायित्वों के लिए शुभेच्छा व्यक्त की।
विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी लालगंज, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी चुनार, क्षेत्राधिकारी लाइन/यातायात, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।













