मीरजापुर : गैंगस्टर, एनडीपीएस व यौन शोषण के आरोपी समेत कई अभियुक्त गिरफ्तार

मीरजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैंगस्टर, एनडीपीएस व यौन शोषण के आरोपी समेत कई अभियुक्त गिरफ्तार

मीरजापुर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस ने गुरुवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, वाहन चोरी, अवैध शस्त्र और यौन अपराध से जुड़े मामलों में कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, कारतूस और चाकू भी बरामद किया।

थाना लालगंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित अभियुक्त अमित को पतुलकी ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। वहीं एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में वांछित चल रहे बलिया निवासी जितेंद्र कुमार यादव को भी गिरफ्तार किया गया। यह मामला वर्ष 2024 में 4 क्विंटल से अधिक गांजा बरामदगी से संबंधित है।

थाना जमालपुर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो शातिर वाहन चोरों प्रियांशु विद्यार्थी उर्फ लकी और विनीत कुमार को चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। तलाशी में एक आरोपी के पास से अवैध 12 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चंदौली से चोरी करने की बात स्वीकार की।

थाना विंध्याचल पुलिस ने युवती से छलपूर्वक यौन संबंध बनाने के आरोप में दर्ज मुकदमे के नामजद आरोपी रविशंकर यादव को विंध्याचल रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत मुकदमा दर्ज है।

इसके अलावा थाना कोतवाली देहात पुलिस ने अवैध चाकू के साथ एक अभियुक्त सुलेमान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की।

जनपदीय पुलिस ने एक वारंटी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस की धाराओं 170/126/135 के तहत जनपद भर में 48 व्यक्तियों का चालान किया गया। सर्वाधिक 15 चालान अहरौरा और 12 चालान चुनार थाना क्षेत्र में किए गए।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अपराधियों के विरुद्ध अभियान को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें