
15 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार, अहरौरा पुलिस को मिली सफलता
मीरजापुर। अहरौरा थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक 15 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक द्वारा अपराधियों की धरपकड़, गो-तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई तथा इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा थाना पुलिस लगातार वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में शुक्रवार तड़के थाना अहरौरा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 15 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त राहुल उर्फ राकेश पुत्र बृजभूषण निवासी भदावल, थाना जमालपुर को कुदारन नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया, जहां से उसे जेल रवाना कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में चोरी, धोखाधड़ी तथा जालसाजी समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 में अहरौरा थाने में चोरी और जालसाजी से जुड़े तीन मुकदमे दर्ज हुए थे। इसके अतिरिक्त वर्ष 2026 में उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक श्यामलाल यादव तथा रिक्रूट आरक्षी अरबाज खान शामिल रहे।















