हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, दो वारंटी दबोचे गए

हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, दो वारंटी दबोचे गए

मीरजापुर। कोतवाली देहात पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। वहीं जनपद पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया है। इसके अलावा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 19 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को नेवढ़िया घाट निवासी सुन्दरा देवी ने कोतवाली देहात थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पैसे के लेनदेन को लेकर उसके पति को घर बुलाकर गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की नीयत से सब्जी काटने वाले चाकू से पेट पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल का उपचार वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में कराया गया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक तेरसू सिंह यादव एवं उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर डिंगुरपट्टी नेवढ़िया घाट तिराहे के पास से नामजद अभियुक्त दशरथ नन्दन उर्फ मट्टर पुत्र सदानन्द राम निवासी नेवढ़िया घाट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

इसी क्रम में जनपदीय पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली शहर एवं चुनार थाना पुलिस ने एक-एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।

वहीं जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के अंतर्गत 19 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें कोतवाली देहात से 1, पड़री से 3, लालगंज से 2, ड्रमण्डगंज से 4, सन्तनगर से 2, चुनार से 2, अदलहाट से 4 तथा अहरौरा से 1 व्यक्ति शामिल है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें