
मिर्जापुर रेंज की कमान पूनम को, शासन ने जारी किया तबादला आदेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने शनिवार को आईपीएस अधिकारियों के तबादले के क्रम में मिर्जापुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) पद पर आईपीएस अधिकारी पूनम की तैनाती की है। जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार पूनम को पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं प्रधानाचार्य, पीटीएस मेरठ के पद से स्थानांतरित कर मिर्जापुर परिक्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है। 
मिर्जापुर परिक्षेत्र में उनकी नियुक्ति को पुलिस प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूनम वर्ष 2010 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। 
जानकारी के अनुसार मिर्जापुर रेंज के वर्तमान डीआईजी राकेश प्रकाश सिंह के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद रिक्त हो रहा था, जिस पर अब पूनम की तैनाती की गई है। उनके नेतृत्व में मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही जनपदों वाले परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। 















