
मिर्जापुर से लखनऊ के लिए उपयुक्त ट्रेन का अभाव, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
राजधानी तक सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा की मांग हुई तेज
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से मिर्जापुर को जोड़ने वाली सुविधाजनक रेल सेवा के अभाव को लेकर यात्रियों में लगातार असंतोष बढ़ता जा रहा है। जिले के व्यापारियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों तथा आम यात्रियों का कहना है कि मिर्जापुर से लखनऊ जाने के लिए वर्तमान में कोई ऐसी ट्रेन उपलब्ध नहीं है जो समय और सुविधा दोनों की दृष्टि से उपयुक्त साबित हो सके। अधिकांश यात्रियों को वाराणसी या प्रयागराज के रास्ते यात्रा करनी पड़ती है अथवा लंबा इंतजार करना पड़ता है।
यात्रियों का कहना है कि मिर्जापुर जैसे महत्वपूर्ण जनपद से प्रदेश की राजधानी तक नियमित आवागमन के बावजूद रेल सेवाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। वर्तमान में त्रिवेणी एक्सप्रेस को छोड़कर ऐसी कोई प्रमुख ट्रेन नहीं है जो बड़ी संख्या में यात्रियों की जरूरतों को पूरा कर सके। इससे छात्रों, प्रतियोगी परीक्षार्थियों, मरीजों, व्यवसायियों तथा सरकारी कार्य से राजधानी जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मिर्जापुर से लखनऊ के बीच नई ट्रेन चलाने अथवा किसी प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव और संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब प्रदेश के अन्य जिलों को राजधानी से बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध है तो मिर्जापुर जैसे महत्वपूर्ण जिले को इस सुविधा से वंचित क्यों रखा गया है। नागरिकों का मानना है कि यदि मिर्जापुर से लखनऊ के लिए उपयुक्त समय पर नई ट्रेन शुरू की जाए तो हजारों यात्रियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।















