
नहाते समय तीन बच्चे नदी में डूबे, एक को बचाया गया, दो की तलाश जारी
मिर्जापुर। लंका पहाड़ी के निकट मटिहरा क्षेत्र में सोमवार दोपहर नहाने के दौरान तीन बच्चे नदी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों बच्चे नहाने के लिए नदी में उतरे थे, तभी वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया, जिसमें एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि दो अन्य बच्चों का समाचार लिखे जाने तक कोई पता नहीं चल सका था।
सूचना मिलने पर पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई। डूबे बच्चों की तलाश के लिए खोजबीन अभियान चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे साबरी चौराहा क्षेत्र के निवासी हैं।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा है और सभी बच्चों के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है।













