
मीरजापुर में खुला सहायक निबंधक कार्यालय
मीरजापुर में खुलेगा सहायक निबंधक फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स कार्यालय, आशुतोष त्रिपाठी ने संभाला कार्यभार

मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में सहायक निबंधक फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स का नवीन कार्यालय खोला जा रहा है। इसके तहत विंध्याचल मंडल के प्रथम सहायक निबंधक के रूप में आशुतोष त्रिपाठी ने सोमवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि नवस्थापित कार्यालय विकास भवन परिसर में संचालित किया जाएगा। कार्यालय खुलने से मीरजापुर सहित विंध्याचल मंडल के विभिन्न सामाजिक संगठनों, समितियों, संस्थाओं एवं चिट्स से जुड़े कार्यों के निस्तारण में सुविधा मिलेगी। अब पंजीकरण, नवीनीकरण तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर ही सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने कहा कि कार्यालय की स्थापना से आमजन एवं संस्थाओं को समय और संसाधनों की बचत होगी तथा विभागीय कार्यों में तेजी आएगी। आशुतोष त्रिपाठी के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही कार्यालय के संचालन की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है।















