मीरजापुर में दो निजी औद्योगिक पार्कों को मंजूरी, उद्योगों और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मीरजापुर में दो निजी औद्योगिक पार्कों को मंजूरी, उद्योगों और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मीरजापुर। हस्तनिर्मित कालीन उद्योग के लिए पहचान रखने वाला मीरजापुर अब औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। प्रदेश सरकार ने जनपद में दो निजी औद्योगिक पार्क विकसित करने को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही पार्कों के विकास के लिए एक प्रतिशत साधारण ब्याज दर पर ऋण भी स्वीकृत किया गया है, जिससे परियोजनाओं का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र (डीआईसी) के उपायुक्त संदीप कुमार ने बताया कि सदर तहसील के टांगा गांव में 11.014 एकड़ भूमि पर मेसर्स विंध्य इंडस्ट्रियल प्लेज पार्क द्वारा निजी औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। वहीं मड़िहान तहसील के देवरीकलां गांव में 12.031 एकड़ भूमि पर प्रताप चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से दूसरा औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शासन ने टांगा स्थित परियोजना के लिए 5.50 करोड़ रुपये तथा देवरीकलां स्थित परियोजना के लिए 6.01 करोड़ रुपये का ऋण एक प्रतिशत साधारण ब्याज दर पर स्वीकृत किया है। इससे दोनों परियोजनाओं के विकास कार्य में तेजी आएगी।

डीआईसी के अनुसार, टांगा औद्योगिक पार्क में 21 तथा देवरीकलां औद्योगिक पार्क में 40 औद्योगिक भूखंड विकसित किए जाएंगे, जहां विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हो सकेगी। पार्कों का विकास पर्यावरणीय मानकों को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीति के तहत निजी औद्योगिक पार्क विकसित करना पहले की तुलना में अधिक आसान हो गया है। सड़क चौड़ाई के मानकों में संशोधन के बाद अब सात मीटर चौड़ी सड़क के किनारे भी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना संभव होगी। इससे निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि दोनों औद्योगिक पार्कों में मैन्युफैक्चरिंग जोन, बिजनेस एवं शॉपिंग सेंटर, इन्क्यूबेशन सेंटर, स्वास्थ्य सेवाएं तथा संचार जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। परियोजनाओं के शुरू होने से जनपद में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें