
मीरजापुर में 1 जुलाई से बदलेगा नो-एंट्री का समय, सुबह 6 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
मीरजापुर। प्रयागराज में शास्त्री पुल के मरम्मत कार्य के चलते भारी वाहनों का दबाव मीरजापुर के शास्त्री ब्रिज पर बढ़ गया है। इसी के मद्देनजर तथा 1 जुलाई से जनपद के सभी विद्यालय खुलने के कारण आमजन और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने नो-एंट्री व्यवस्था में संशोधन किया है।
यातायात शाखा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रयागराज में शास्त्री पुल का मरम्मत कार्य 3 जून से 15 जुलाई 2026 तक चल रहा है। इस अवधि में प्रयागराज में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। ऐसे में प्रयागराज जाने वाले भारी वाहन मीरजापुर के शास्त्री ब्रिज से होकर औराई-गोपीगंज मार्ग का उपयोग कर रहे हैं, जबकि सोनभद्र एवं मध्य प्रदेश जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग से गुजर रहे हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 1 जुलाई 2026 से भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री का नया समय सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। वहीं रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक भारी वाहनों को नो-एंट्री से छूट रहेगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से संशोधित व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।














