
निरीक्षण में चार वरिष्ठ चिकित्सक अनुपस्थित, प्राचार्य ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
मीरजापुर, 29 जून। प्राचार्य मेडिकल कॉलेज मीरजापुर एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मंडलीय जिला चिकित्सालय मीरजापुर ने सोमवार प्रातः 9:30 बजे मंडलीय जिला चिकित्सालय का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ओपीडी कक्ष में चार वरिष्ठ चिकित्सक निर्धारित समय पर अनुपस्थित पाए गए।
प्राचार्य ने सभी अनुपस्थित चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन कार्य दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। नोटिस में पूछा गया है कि वे निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित क्यों नहीं थे। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित अवधि में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया तो संबंधित चिकित्सकों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।














