
मीरजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग को भगाने, सामूहिक दुष्कर्म, छेड़खानी और वाहन चोरी के मामलों में गिरफ्तारियां, 52 लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई
मीरजापुर, 11 जुलाई 2026 जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर मीरजापुर पुलिस ने शनिवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने एवं धर्म परिवर्तन, सामूहिक दुष्कर्म, छेड़खानी तथा वाहन चोरी के मामलों में आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। इसके अलावा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 52 व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
थाना चिल्ह पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और धर्म परिवर्तन के मामले में आरोपी आसिफ उर्फ लकी पुत्र मोहम्मद आजाद निवासी अवारी थाना मधौरा जनपद छपरा को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 7 जुलाई को पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को बीएनएस की धाराओं के साथ विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।

वहीं थाना मड़िहान पुलिस ने नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में सुनील कुमार पुत्र भखेडू निवासी मटिहानी थाना मड़िहान तथा मुकेश कुमार पुत्र विजय शंकर निवासी कैलहट थाना चुनार शामिल हैं। दोनों आरोपितों के विरुद्ध बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा गया है।
थाना विंध्याचल पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान स्टेशन रोड मोड़ के पास से चोरी की एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल के साथ वाहन चोर शिवा गुप्ता उर्फ शिव गुप्ता पुत्र गौरीशंकर गुप्ता निवासी रेहड़ा चुंगी थाना विंध्याचल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी क्रम में थाना चुनार पुलिस ने नाबालिग के साथ छेड़खानी, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में अमित साहनी पुत्र पंचम साहनी निवासी सराय टेकौर थाना चुनार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे अभियान के तहत कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के अंतर्गत 52 व्यक्तियों का चालान भी किया गया। सर्वाधिक 13 कार्रवाई थाना चुनार तथा 10 कार्रवाई थाना लालगंज क्षेत्र में की गई।















