ओडीओपी योजना के लाभार्थियों को टूलकिट का इंतजार, पीतल और कालीन उद्योग से जुड़े युवा परेशान

ओडीओपी योजना के लाभार्थियों को टूलकिट का इंतजार, पीतल और कालीन उद्योग से जुड़े युवा परेशान

मीरजापुर। एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत मिर्जापुर के पीतल उद्योग और कालीन उद्योग से जुड़े चयनित लाभार्थी इन दिनों टूलकिट नहीं मिलने से परेशान हैं। लाभार्थियों का कहना है कि जिला उद्योग केंद्र की ओर से उनका चयन किया गया, प्रशिक्षण भी पूरा करा दिया गया, लेकिन प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार शुरू करने के लिए आवश्यक टूलकिट अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई है।

लाभार्थियों के अनुसार सरकार की मंशा स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की है, लेकिन टूलकिट वितरण में हो रही देरी से योजना का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि बिना उपकरणों के प्रशिक्षण का लाभ जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है और रोजगार शुरू करने की उनकी तैयारी अधूरी पड़ी है।

लाभार्थियों ने आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितताएं बढ़ती जा रही हैं, जिसकी जांच कराई जानी चाहिए। उनका कहना है कि समय पर टूलकिट उपलब्ध न होने से पीतल और कालीन उद्योग से जुड़े नए उद्यमियों का उत्साह कम हो रहा है और उनके आर्थिक विकास पर भी असर पड़ रहा है।

इस संबंध में जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि योजना के तहत सभी पात्र लाभार्थियों को टूलकिट उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की जा चुकी है, जबकि शेष लाभार्थियों को टूलकिट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही सभी को इसका लाभ मिल जाएगा।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें