
टायर फटने से अनियंत्रित ट्रक घर में घुसा, तीन की मौत, दो घायल
मीरजापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे के पास गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में वाराणसी से सोनभद्र जा रहा एक ट्रक टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। हादसे में मकान के पास मौजूद तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही अहरौरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चचेरी मोड़, चुनार भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।

हादसे में कुदारन निवासी 47 वर्षीय राजाराम पुत्र स्वर्गीय श्रीराम, 70 वर्षीय सुखिया पत्नी स्वर्गीय श्रीराम तथा 45 वर्षीय चांदतारा पत्नी सीताराम की मौत हो गई। वहीं 12 वर्षीय सुहानी पुत्री चंद्रशेखर निवासी मुजेहरा थाना कोतवाली देहात तथा 45 वर्षीय सुनील शर्मा पुत्र रामसुभग निवासी कुदारन घायल हो गए।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।















