
चुनार, मिर्जापुर। एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक, चुनार के सुपर स्पेशिलिटी ओपीडी में मूत्र एवं गुर्दा विभाग द्वारा पहली बार सिकुड़ी मूत्रनली (यूरेथ्रल स्ट्रिक्चर) की जटिल बीमारी का सफल ऑपरेशन किया गया।
मरीज लंबे समय से पेशाब करने में कठिनाई, रुक-रुक कर पेशाब आने तथा मूत्रनली के सिकुड़ जाने की समस्या से पीड़ित थीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने यूरेथ्रोप्लास्टी (Urethroplasty) तकनीक से सफल सर्जरी की। इस ऑपरेशन में मरीज के मुंह के अंदर गाल की पतली झिल्ली (Buccal Mucosa) का उपयोग कर सिकुड़ी हुई मूत्रनली का पुनर्निर्माण किया गया, जिससे मरीज को स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस जटिल सर्जरी का सफल नेतृत्व मूत्र एवं गुर्दा रोग विशेषज्ञ डॉ. पी.के. केशरी एवं जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन प्रो. डॉ. उदय कांत ने अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ किया। ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी क्रिटिकल केयर एवं पेन मैनेजमेंट विशेषज्ञ डॉ. विनीत ओझा ने सफलतापूर्वक निभाई।
एपेक्स ट्रस्ट के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस. के. सिंह ने इस उपलब्धि पर चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल का उद्देश्य चुनार एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को महानगरों जैसी आधुनिक एवं उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अब इस प्रकार की जटिल मूत्ररोग संबंधी सर्जरी के लिए
मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। एपेक्स ट्रस्ट हॉस्पिटल में अनुभवी विशेषज्ञों एवं अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।















