
चाकू मारकर ट्रक चालक से 1.06 लाख रुपये लूट की सूचना निकली फर्जी, पुलिस पूछताछ में खुला राज
मीरजापुर। लालगंज थाना क्षेत्र में ट्रक चालक से चार लोगों द्वारा चाकू मारकर 1 लाख 6 हजार रुपये लूट लिए जाने की सूचना मिलने से पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस की जांच और चालक से कड़ाई से पूछताछ के बाद पूरी घटना फर्जी निकली।
जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त की रात करीब 10 बजे थाना लालगंज पर डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि चार लोगों ने एक ट्रक चालक को चाकू मारकर उससे 1 लाख 6 हजार रुपये लूट लिए हैं। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में थाना लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, चालक के शरीर पर चोट और उसके द्वारा बताए गए घटनास्थल तथा घटनाक्रम को प्रथम दृष्टया देखने पर मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसके बाद पुलिस ने चालक से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने पूरी सच्चाई बता दी।
पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रक में लदे सामान को बिहार में उतारने के बाद सामान से मिले रुपये उसने अपने किसी परिचित को दे दिए थे। इसके बाद वह इस क्षेत्र में पहुंचा और पुलिस को लूट की मनगढ़ंत कहानी बता दी। पुलिस के मुताबिक, अपनी कहानी को सही साबित करने के लिए चालक ने दोनों हाथों पर शीशे से चोट भी बना ली थी।
चालक की पहचान समरोज पुत्र फिरोज निवासी पूरे मुस्तफा खां, थाना मोहनगंज, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। लालगंज पुलिस ने समरोज को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने प्रथम दृष्टया लूट की घटना को फर्जी पाए जाने की पुष्टि की है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।















