नाबालिग से दुष्कर्म और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने के मामले में बाल अपचारी हिरासत में

नाबालिग से दुष्कर्म और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने के मामले में बाल अपचारी हिरासत में

मीरजापुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मीरजापुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में एक बाल अपचारी समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। विन्ध्याचल पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और उसके निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में बाल अपचारी को हिरासत में लेकर न्यायालय/बाल सुधार गृह भेज दिया। वहीं कोतवाली देहात पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। कोतवाली शहर पुलिस ने चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के आभूषण बरामद किए तथा दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया।

दुष्कर्म व फोटो-वीडियो वायरल करने के मामले में कार्रवाई

थाना विन्ध्याचल क्षेत्र में एक महिला ने 12 अगस्त को अपनी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म करने तथा उसके निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के संबंध में तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले में मुकदमा अपराध संख्या 228/2026 के तहत धारा 64(1) बीएनएस, 3/4 पॉक्सो एक्ट तथा 67बी आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देश के क्रम में प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 15 अगस्त को थाना विन्ध्याचल क्षेत्र से घटना से संबंधित बाल अपचारी को हिरासत में लिया। नियमानुसार विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय/बाल सुधार गृह भेजा गया।

एनडीपीएस एक्ट में दो वांछित गिरफ्तार

अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मु0अ0सं0 396/2026, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट में वांछित कामरान खां पुत्र जलालुद्दीन खां निवासी चितावनपुर तथा प्रदीप सोनकर पुत्र स्व. लल्लू सोनकर निवासी शाहपुर चौसा को 15 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। उप निरीक्षक राकेश राय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।

चोरी के मामले में एक गिरफ्तार, आभूषण बरामद

कोतवाली शहर पुलिस ने सिविल लाइन फतहा क्षेत्र में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 30 जुलाई को अरविन्द कुमार सोनकर ने अपने घर में घुसकर आलमारी में रखे गहने आदि चोरी होने की सूचना दी थी। इस संबंध में कोतवाली शहर में मुकदमा अपराध संख्या 127/2026 धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर मुखबिर की सूचना पर आयुष सोनकर पुत्र कमला सोनकर निवासी सिविल लाइन फतहा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक जोड़ी कंगन (पीली धातु) और एक जोड़ी पायल (सफेद धातु) बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 305 और 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजने की कार्रवाई की।

दो वारंटी भी गिरफ्तार

कोतवाली शहर पुलिस ने वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 15 अगस्त को दो वारंटियों को गिरफ्तार किया। दोनों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

शांति व्यवस्था में छह लोगों का चालान

जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत छह व्यक्तियों का चालान किया। इनमें थाना कछवां क्षेत्र के चार और थाना जिगना क्षेत्र के दो व्यक्ति शामिल हैं।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें