
नकली सोने की गुल्ली बेचकर ठगी करने वाला गिरफ्तार, तीन पीली धातु व पांच हजार रुपये बरामद
मीरजापुर। जिगना पुलिस ने नकली सोने की गुल्ली को असली बताकर धोखे से बेचने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन पीली धातु तथा पांच हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के लीलापुर निवासी सुरेंद्र प्रताप सिंह ने 12 जुलाई 2026 को जिगना थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने खुदाई में निकली सोने की गुल्ली बताकर नकली सोने के सिक्के उन्हें धोखे से बेच दिए। तहरीर के आधार पर जिगना थाने में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
मामले में पूर्व में कुछ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसी क्रम में एक सितंबर को उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह की टीम ने मुकदमे से संबंधित वांछित अभियुक्त विजय शंकर बिन्द निवासी बघेड़ा खुर्द मिश्रपट्टी, जिगना को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से तीन पीली धातु और पांच हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
नाबालिग को भगाने का आरोपी गिरफ्तार
मीरजापुर। कोतवाली शहर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मनीष कुमार निवासी नथमलपुर, भोजपुर, बिहार को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ दिसंबर 2025 में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
नाबालिग को भगाने और दुष्कर्म के मामले में बाल अपचारी हिरासत में
मड़िहान पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। दो सितंबर को उपनिरीक्षक विनोद कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बाल अपचारी को हिरासत में लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय/बाल सुधार गृह भेजा गया।
चोरी के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
राजगढ़ पुलिस ने दुकान से इलेक्ट्रॉनिक सामान और मोबाइल चोरी के मामले में वांछित आरोपी रामायन निवासी भैसवार, घोरावल, सोनभद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 11 फरवरी को दुकान में चोरी के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। दो सितंबर को उपनिरीक्षक सुरेश सिंह यादव की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
छह वारंटी गिरफ्तार
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मीरजापुर पुलिस ने छह वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें विंध्याचल पुलिस ने दो और कोतवाली शहर पुलिस ने चार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
32 लोगों का चालान
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत 32 लोगों का चालान किया गया। इनमें जिगना से 10, संतनगर से 7, कोतवाली शहर से 2, पड़री से 2, कछवां से 2, चुनार से 2, मड़िहान से 2, राजगढ़ से 2, कोतवाली कटरा से 1, अहरौरा से 1 और लालगंज से 1 व्यक्ति शामिल है।















