
कालीन निर्यात संवर्धन परिषद की 43वीं एजीएम में सदस्यता शुल्क संशोधन को मंजूरी
नोएडा, 15 सितंबर। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की 43वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) मंगलवार को होटल रेडिसन, नोएडा में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सीईपीसी के अध्यक्ष कैप्टन मुकेश गोंबर ने की। इस दौरान परिषद के विभिन्न पदाधिकारी, प्रशासन समिति के सदस्य तथा कालीन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष की लेखापरीक्षित बैलेंस शीट तथा आय-व्यय खातों को लेखा परीक्षकों की रिपोर्ट सहित आम सभा ने मंजूरी प्रदान की।
एजीएम में परिषद की सदस्यता शुल्क संरचना में भी संशोधन को मंजूरी दी गई। अब निर्यात प्रदर्शन के आधार पर वार्षिक सदस्यता शुल्क निर्धारित किया गया है। ₹50 लाख तक के निर्यात पर ₹3,000, ₹50 लाख से अधिक और ₹1 करोड़ तक ₹4,500, ₹1 करोड़ से अधिक और ₹10 करोड़ तक ₹6,500 तथा ₹10 करोड़ से अधिक के निर्यात पर ₹12,000 वार्षिक सदस्यता शुल्क निर्धारित किया गया है।
बैठक में प्रशासन समिति के विभिन्न श्रेणियों से एक-तिहाई सदस्यों के बारी-बारी से सेवानिवृत्त होने और उनके स्थान पर चुनाव कराने को भी मंजूरी दी गई। परिषद के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 2 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी और चुनाव दिसंबर 2026 में आयोजित होंगे।
इसके अलावा नए सदस्यों के लिए निर्यात उपलब्धि प्रोत्साहन योजना को भी स्वीकृति दी गई। इसके तहत सदस्यता के पहले वर्ष में ₹50 लाख या उससे अधिक का निर्यात करने वाले पात्र नए सदस्य को अगले वर्ष ₹3,000 वार्षिक सदस्यता शुल्क की प्रतिपूर्ति की जाएगी।
बैठक में सीईपीसी के उपाध्यक्ष असलम महबूब, प्रशासन समिति के सदस्य महावीर प्रताप शर्मा, मोहम्मद वसीफ अंसारी, अनिल कुमार सिंह, संजय गुप्ता, पीयूष कुमार बरनवाल, बोध राज मल्होत्रा, रोहित गुप्ता, शेख आशिक अहमद, मेहराज यासीन जान और शौकत खान तथा कार्यवाहक कार्यकारी निदेशक सह सचिव डॉ. स्मिता नागरकोटी सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का समापन अध्यक्ष के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।















