नवरात्र से पहले सड़कों की सूरत बदलने का अल्टीमेटम, लापरवाही पर निलंबन की संस्तुति

नवरात्र से पहले सड़कों की सूरत बदलने का अल्टीमेटम, लापरवाही पर निलंबन की संस्तुति

मीरजापुर। नवरात्र मेला शुरू होने से पहले मीरजापुर की सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने कार्यदायी एजेंसियों को कड़ा अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नवरात्र से पहले सड़कों की मरम्मत नहीं हुई तो संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ निलंबन की संस्तुति की जाएगी।

शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय सभागार से जूम माध्यम से हुई बैठक में मंडलायुक्त ने मंडलीय विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और लंबित परियोजनाओं की समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग, एनएच, जल निगम और नगर निकायों के अधिकारियों से सड़कों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

नवरात्र तक सड़क खोदने पर रोक

मंडलायुक्त ने जल निगम नगरीय के अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवरात्र तक अब किसी नई सड़क की खुदाई न की जाए। जहां सड़कें पहले से खोदी गई हैं, वहां गड्ढों को बंद कर सड़क की मरम्मत कराई जाए। नगर के साथ ही विंध्याचल और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने को कहा गया।

एनएच कांट्रैक्टर को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति

भरूहना चौराहे से विंध्याचल-अष्टभुजा मार्ग की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि संबंधित एनएच कांट्रैक्टर सड़क मरम्मत के निर्देशों का पालन नहीं कर रहा है। इसके चलते कांट्रैक्टर को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति शासन को भेजी गई है। मंडलायुक्त ने एनएच के प्रोजेक्ट मैनेजर को मुख्यालय से संपर्क कर नए कांट्रैक्टर की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।

42 परियोजनाएं लंबित

मंडल में विभिन्न कार्यदायी एजेंसियों की 42 परियोजनाएं लंबित बताई गईं। इनमें मीरजापुर की 21, सोनभद्र की आठ और भदोही की 13 परियोजनाएं शामिल हैं। मंडलायुक्त ने वन विभाग से एनओसी प्राप्त हो चुकी परियोजनाओं पर तत्काल काम शुरू कराने और सभी लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

त्योहारों को लेकर कानून व्यवस्था पर जोर

बैठक में नवरात्र और दशहरा को देखते हुए कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। डीआईजी पूनम ने चील्ह चौराहा और सोनभद्र मार्ग पर रात के समय ट्रकों के जाम की समस्या का समाधान करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बाहर जाने वाले भारी वाहनों को हाईवे के रास्ते डायवर्ट करने पर भी जोर दिया गया।

मंडलायुक्त ने सभी थानों में पीस कमेटी की बैठक कराने और उसके बाद जनपद स्तर पर बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। प्रतिमा विसर्जन स्थलों का पहले से चिन्हांकन कर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने को भी कहा गया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें