
अवैध डीजल की खरीद-बिक्री के आरोप में दो गिरफ्तार, 130 लीटर डीजल बरामद

मीरजापुर। ड्रमंडगंज थाना पुलिस ने अवैध रूप से डीजल का भंडारण और खरीद-बिक्री कर मुनाफाखोरी करने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 130 लीटर डीजल के साथ भंडारण में प्रयुक्त गैलन और ड्रम बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूर्ति निरीक्षक लालगंज राज सिंह यादव की तहरीर पर 24 सितंबर को ड्रमंडगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को लहुरिया दह के पास से श्रीनारायण जायसवाल और विनोद कुमार जायसवाल , निवासी भैसोड़ बलाय पहाड़, थाना ड्रमंडगंज को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक मौके से 130 लीटर अवैध डीजल तथा उसके भंडारण में इस्तेमाल होने वाले गैलन और ड्रम बरामद हुए। दोनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राम विशाल, उपनिरीक्षक शिवाकांत पांडेय सहित थाना ड्रमंडगंज की पुलिस टीम शामिल रही।













