
अटल चौक के राजा गणेश जी की भव्य विसर्जन यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
ढोल-ताशे और डीजे की धुन पर नाचते-गाते निकले श्रद्धालु, कन्याओं व कलाकारों की नृत्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मीरजापुर, विंध्याचल। अमरावती चौराहा (अटल चौक) विंध्याचल में श्री गणेश महोत्सव पूजा समिति की ओर से आयोजित गणेश महोत्सव का शुक्रवार देर रात गणेश जी की प्रतिमा के भव्य विसर्जन के साथ समापन हुआ। अटल चौक से निकली विसर्जन शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के साथ समिति के पदाधिकारी, सदस्य और कार्यकर्ता शामिल हुए। ढोल-ताशे और डीजे की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते और गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
शोभायात्रा में भक्ति गीतों पर कन्याओं द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही कलाकारों ने भी विभिन्न भक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। पूरी यात्रा के दौरान भक्ति, उल्लास और उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर गणेश जी को विदाई दी। देर रात शोभायात्रा भागदेवर गांव स्थित देवरहा हंस बाबा आश्रम से कुछ दूरी पर स्थित सतसागर तालाब पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ गणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। देवरहा हंस बाबा आश्रम भागदेवर गांव में स्थित है।
श्री गणेश महोत्सव पूजा समिति की ओर से 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के अवसर पर अटल चौक के राजा गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसके बाद 19 सितंबर को भव्य जागरण एवं झांकियों का आयोजन हुआ, जिसमें गणेश जी, राधा-कृष्ण, महादेव-पार्वती और मां दुर्गा की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। वहीं 24 सितंबर को भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
विसर्जन के अवसर पर समिति के अध्यक्ष प्रवीण बरनवाल (डब्बू) ने गणेश महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग करने वाले समस्त क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं, समिति के
पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान समिति के पदाधिकारी, सदस्य, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।













