
वायरल वीडियो के बाद जागा प्रशासन!
24 घंटे में दिखा असर, लहुरियादह के विद्यालय के उच्चीकरण को मिली मंजूरी
मीरजापुर। पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल का वीडियो वायरल होने के बाद लहुरियादह के प्राथमिक विद्यालय के उच्चीकरण का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। प्रशासनिक स्तर पर हुई कार्रवाई में विद्यालय के उच्चीकरण को स्वीकृति देते हुए 25.58 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया गया है। निर्माण कार्य भी शुरू कराया जा रहा है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय लहुरियादह के उच्चीकरण के लिए वर्ष 2024-25 में प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव को वर्ष 2025-26 में राज्य परियोजना निदेशक द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। इसके बाद विद्यालय के निर्माण के लिए 25.58 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की गई।
विद्यालय निर्माण के लिए उपजिलाधिकारी लालगंज द्वारा आराजी संख्या 1116 ग, रकबा 0.169 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में 25.58 लाख रुपये की पूरी धनराशि हस्तांतरित किए जाने की जानकारी दी गई है। विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा अब निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जा रहा है।
राजनीतिक सफर की शुरुआत में ही दिखा असर!
पूर्व डीएम दिव्या मित्तल के वीडियो के वायरल होने के बाद यह मुद्दा राजनीतिक चर्चा में भी आ गया है। उनके सक्रिय राजनीतिक सफर की शुरुआत के बीच लहुरियादह विद्यालय के मामले में 24 घंटे के भीतर प्रशासनिक स्तर पर सामने आई कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं। हालांकि विद्यालय के उच्चीकरण का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका था और उसे वर्ष 2025-26 में स्वीकृति मिली थी।
अब स्वीकृत बजट के बाद निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों को विद्यालय के बेहतर भवन और सुविधाओं की उम्मीद जगी है।














