
कछवा शाखा भवन की स्थिति पर सभापति ने जताई नाराजगी, नए भवन की तलाश के निर्देश
मीरजापुर। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड मीरजापुर के सभापति डॉ. जगदीश सिंह पटेल ने बुधवार को अपराह्न जिला सहकारी बैंक की कछवा शाखा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शाखा भवन की स्थिति ठीक नहीं पाए जाने पर उन्होंने रोष व्यक्त किया और शाखा प्रबंधक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सभापति ने शाखा प्रबंधक को निर्देशित किया कि बैंक शाखा के लिए शीघ्र अति शीघ्र नए भवन परिसर की तलाश की जाए तथा शाखा भवन का आधुनिकीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि बैंक के ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही शाखा का वातावरण भी सुविधाजनक होना चाहिए।
उन्होंने बैंक के सम्मानित ग्राहकों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करने तथा उनके कार्यों का त्वरित गति से निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभापति ने कहा कि ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और उनके कार्यों का समयबद्ध ढंग से निस्तारण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैंक मुख्यालय की ओर से दिए गए निर्देशों की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित कार्यों को तत्काल पूर्ण करते हुए बैंक हित में पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य किया जाए।















