
चालान जमा करने के बाद भी नहीं मिल रहा रिलीज ऑर्डर, तीन दिन से आरटीओ कार्यालय के बाहर परेशान वाहन मालिक
मीरजापुर। ऑनलाइन चालान की कार्रवाई के बाद चालान का भुगतान करने के बावजूद वाहनों का रिलीज ऑर्डर नहीं मिलने से वाहन स्वामियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई वाहन मालिक पिछले तीन दिनों से आरटीओ कार्यालय के बाहर अपने वाहनों के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। परेशान वाहन स्वामियों ने फोन पर अपनी समस्या बताते हुए कहा कि वे दूसरे प्रदेशों से आए हैं और लगातार कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिल पा रही है।

पीड़ित वाहन स्वामियों का कहना है कि ऑनलाइन चालान होने के बाद उन्होंने चालान का भुगतान कर दिया, लेकिन इसके बाद भी वाहनों को रिलीज कराने के लिए आवश्यक रिलीज ऑर्डर की कॉपी नहीं मिल पा रही है। उनका कहना है कि तीन दिन से आरटीओ कार्यालय के बाहर रहने के कारण खाने-पीने तक की दिक्कत हो रही है। किसी वाहन स्वामी ने बताया कि वह झारखंड से आया है तो कोई दूसरे प्रदेश से यहां पहुंचा है।
आरटीओ कार्यालय के कर्मचारियों अरसद ने बताया कि रिलीज ऑर्डर की सुविधा को लेकर तकनीकी समस्या चल रही है, जिसके कारण लोगों को दिक्कत हो रही है। समस्या को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि थोड़ी देर में तकनीकी समस्या ठीक हो जाएगी। सुविधा शुरू होते ही संबंधित वाहन स्वामियों को रिलीज ऑर्डर की कॉपी उपलब्ध कराई जाने लगेगी।














