
वॉलीबाल में मीरजापुर पुलिस का शानदार प्रदर्शन, दो प्रतियोगिताओं में जीती चल वैजन्ती
मीरजापुर। खेल के मैदान में मीरजापुर पुलिस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद का नाम रोशन किया है। वर्ष 2026 के स्पोर्ट्स पुलिस कैलेंडर के तहत जनपद मऊ में आयोजित अन्तर्जनपदीय वॉलीबाल क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 में मीरजापुर पुलिस की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता शील्ड एवं चल वैजन्ती अपने नाम की।
इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस की अन्तरजोनल प्रतियोगिता-2026 में भी मीरजापुर पुलिस के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। वाराणसी जोन की टीम ने प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए द्वितीय चल वैजन्ती शील्ड हासिल की।
इन दोनों प्रतियोगिताओं में मीरजापुर पुलिस के खिलाड़ियों का विशेष योगदान रहा। टीम में निरीक्षक अरविन्द कुमार मिश्रा, मुख्य आरक्षी कृष्ण कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी विनोद कुमार यादव, मुख्य आरक्षी अरविन्द कुमार यादव, मुख्य आरक्षी मनोज यादव, मुख्य आरक्षी पंकज यादव, आरक्षी सूरज सिंह, आरक्षी मनोज कन्नौजिया, रि. आरक्षी धनंजय द्विवेदी एवं रि. आरक्षी सुधीर निर्मल शामिल रहे।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद जनपद लौटे खिलाड़ियों का पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी। पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन पुलिस कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक
स्वास्थ्य के साथ-साथ टीम भावना को भी मजबूत करता है।















