
मिर्जापुर में ट्रक चालक का 20 लीटर का थरमस गायब, पुलिस से शिकायत के बाद भी नहीं सुलझा मामला
पंजाब से आए चालक ने वीडियो जारी कर एसपी तक अपनी पीड़ा पहुंचाने की लगाई गुहार, बाहरी चालकों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
मिर्जापुर। जिले के विंध्याचल थाना क्षेत्र में ओझला नदी के पास एक दुकान से 20 लीटर का बड़ा थरमस गायब होने का मामला सामने आया है। घटना एक अक्टूबर 2026 की बताई जा रही है। पंजाब के जालंधर जिले के थाना नूरमहल क्षेत्र से जुड़े ट्रक चालक स्टीफन का आरोप है कि फतेहपुर से मिर्जापुर पहुंचे थे। इसी दौरान ओझला नदी के पास गोमती नामक दुकानदार की दुकान के निकट उनका थरमस गायब हो गया।
ट्रक चालक के मुताबिक, उनका वाहन संख्या PB 08 GA 4860 है। घटना के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस की सहायता के लिए 112 नंबर पर संपर्क किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपने स्तर से खोजबीन की। जिस स्थान से थरमस गायब होने की बात कही गई, वहां दुकानदार और संबंधित व्यक्ति को आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ की गई। हालांकि, चालक की ओर से लिखित शिकायत नहीं दिए जाने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका।
इस घटना से आहत ट्रक चालक ने मोबाइल पर वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा व्यक्त की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटना से मिर्जापुर की छवि को लेकर वह चिंतित और विचलित हैं। उन्होंने अपनी बात पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि बाहर से आने वाले ट्रक चालकों के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ट्रक चालक का उद्देश्य मामले को अधिकारियों के संज्ञान में लाकर उचित कार्रवाई की मांग करना है।















