
डीआईजी पूनम ने औराई थाने का किया निरीक्षण, त्योहारों की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा
दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
मीरजापुर/भदोही, 9 अक्टूबर। विन्ध्याचल परिक्षेत्र की पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम ने शुक्रवार को भदोही जनपद के औराई थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों के आयोजकों, डीजे संचालकों और क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों के साथ बैठक कर त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस, सीसीटीवी कक्ष, बैरक, भोजनालय और थाना परिसर की साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा अनुशासन और समयबद्ध कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 और एमएलसी चुनाव के मद्देनजर उन्होंने थाना एवं सर्किल स्तर पर चुनाव सेल गठित कर मुख्यालय से मांगी जाने वाली सूचनाओं को समय से और त्रुटिरहित भेजने का निर्देश दिया।
ई-साक्ष्य ऐप पर डिजिटल साक्ष्य अपलोड करने के निर्देश
डीआईजी ने थाना औराई में तैनात विवेचकों से बातचीत कर प्रत्येक अभियोग में घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान ई-साक्ष्य ऐप पर एसआईडी जनरेट करने तथा घटनास्थल की वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और डिजिटल साक्ष्यों को अपलोड कर संबंधित मुकदमे से लिंक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के गुण-दोष के आधार पर विवेचनाओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही 60 और 90 दिनों में निस्तारित की जाने वाली विवेचनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सहायता और परामर्श से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित, संवेदनशील और निष्पक्ष कार्रवाई करने तथा मिशन शक्ति अभियान के तहत संचालित सुरक्षा एवं सहायता सेवाओं के प्रति महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के
निर्देश दिए। इस दौरान महिला हेल्प डेस्क, काउंसलिंग, फीडबैक और बीट रजिस्टरों का भी अवलोकन किया गया।
पंडालों में सुरक्षा और डीजे की ध्वनि सीमा का पालन कराने पर जोर
आगामी त्योहारों के मद्देनजर आयोजित बैठक में डीआईजी ने दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग द्वार, यातायात प्रबंधन और अग्नि सुरक्षा के समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए। डीजे संचालकों से निर्धारित ध्वनि सीमा और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने से बचने का आह्वान किया।
अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक में डीआईजी ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर सतर्क निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी निगरानी और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर आमजन से संवाद स्थापित करने और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को कहा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक भदोही, क्षेत्राधिकारी औराई, क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर, क्षेत्राधिकारी भदोही, प्रभारी निरीक्षक थाना औराई सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।















