
शारदीय नवरात्र मेले के पहले दिन एडीजी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, अधिकारियों को दिए निर्देश
विंध्याचल में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, यातायात और पार्किंग व्यवस्था का लिया जायजा
मीरजापुर, 11 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र मेला-2026 के प्रथम दिन अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने विंध्याचल पहुंचकर मां विंध्यवासिनी मंदिर क्षेत्र का भ्रमण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन-पूजन, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, रूट डायवर्जन, बैरियर व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेला क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दर्शनार्थियों को सुगमतापूर्वक दर्शन कराने के साथ ही उनके सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से घरों की ओर प्रस्थान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मेला क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















