
झाड़-फूंक और भूत-प्रेत की बात पर मारपीट, 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
मीरजापुर। संतनगर थाना क्षेत्र के करौदा गांव में झाड़-फूंक और भूत-प्रेत की बात को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान चोट लगने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना 10 अक्टूबर 2026 की शाम करीब पांच बजे की है।
पुलिस के अनुसार, करौदा गांव निवासी जवाहिर कोल (75) और रहीस कोल (20) के बीच झाड़-फूंक और भूत-प्रेत की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों के बीच मारपीट हुई, जिसमें चोट लगने से जवाहिर कोल की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के उच्चाधिकारी और संतनगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी रहीस कोल के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 114/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।















