
अवैध खनन में ओवरलोड वाहनों को पास कराने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार
व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर करते थे पासर और लोकेटर का काम, अदलहाट पुलिस ने की कार्रवाई
मिर्जापुर, 25 अक्टूबर। अवैध खनन और परिवहन में लगे ओवरलोड वाहनों को पास कराने के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर पासर और लोकेटर का काम करने के आरोप में अदलहाट पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, थाना अदलहाट में संवाददाता तेजनारायण सिंह की ओर से सूचना दी गई थी कि कुछ लोग व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर अवैध खनन एवं परिवहन में लगे ओवरलोड वाहनों को पास कराने के लिए पासर और लोकेटर का काम कर रहे हैं। इस मामले में थाना अदलहाट पर मुकदमा अपराध संख्या 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2) और 319(2) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अदलहाट पुलिस ने मुखबिर की सूचना और विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर रविवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल सलाम निवासी पथरौरा, थाना अदलहाट; लच्छू यादव निवासी सेमरा, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली; निशांत निवासी रैपुरिया, थाना अदलहाट; सुनील कुमार सिंह निवासी कर्मा, थाना अदलहाट और इमरान अहमद निवासी विसौरा, थाना अदलहाट शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया।















