
मिर्जापुर: शादी तय होने से नाराज प्रेमिका की हत्या, शव कुएं में फेंका; आरोपी गिरफ्तार
लालगंज पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने के मामले में 19 वर्षीय युवक को पकड़ा
मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र में युवती की हत्या कर शव कुएं में फेंकने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की शादी तय होने की बात को लेकर युवती नाराज थी। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद युवती की हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक, जैकर कला गांव निवासी उमाकांत कोल ने 24 अक्टूबर को लालगंज थाने में तहरीर देकर अपनी पुत्री की हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 388/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 25 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर चर्की बघरिया चौराहे के पास से आरोपी अरुण कुमार (19), निवासी जैकर कला, थाना लालगंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
शादी तय होने की बात पर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके और युवती के बीच प्रेम संबंध थे। आरोपी की शादी तय होने की बात से युवती नाराज थी और इसी सिलसिले में उससे बातचीत करने मिलने आई थी। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती की हत्या करने के बाद शव को छिपाने के इरादे से कुएं में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया।















