मिर्जापुर में 493 किलो बारूदयुक्त पटाखे बरामद, दो गिरफ्तार

मिर्जापुर में 493 किलो बारूदयुक्त पटाखे बरामद, दो गिरफ्तार

सिविल लाइन और रमईपट्टी में अवैध भंडारण का खुलासा, दीपावली से पहले पुलिस की कार्रवाई

मिर्जापुर, 25 अक्टूबर। दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 493 किलोग्राम बारूदयुक्त पटाखे बरामद किए। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को उपनिरीक्षक संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर सिविल लाइन स्थित एक आटा चक्की की दुकान पर पहुंचे। यहां अवैध रूप से भंडारित 231 किलोग्राम बारूदयुक्त पटाखे बरामद किए गए। मौके से शुभम गुप्ता निवासी सिविल लाइन को गिरफ्तार किया गया। बरामद पटाखों में बुलेट बम, मिनी बम, हाइड्रो बम, चटाई, फुलझड़ी और रॉकेट शामिल हैं।

इसी क्रम में उपनिरीक्षक एवं कचहरी चौकी प्रभारी जयदीप सिंह ने पुलिस टीम के साथ रमईपट्टी में कार्रवाई करते हुए 262 किलोग्राम बारूदयुक्त पटाखे बरामद किए। इस मामले में राजू अली निवासी रमईपट्टी को गिरफ्तार किया गया।

दोनों मामलों में नगर कोतवाली में विस्फोटक अधिनियम के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।

नाबालिग को भगाने का आरोपी गिरफ्तार

अदलहाट। थाना अदलहाट पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर मुकदमा अपराध संख्या 243/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) और 87 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक नंदकिशोर यादव की टीम ने 25 अक्टूबर को आरोपी दिलशाद पुत्र दिलबहार निवासी बड़भुइली, थाना अदलहाट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।

घर की बाउंड्री तोड़कर चोरी करने का वांछित आरोपी गिरफ्तार

मिर्जापुर। देहात कोतवाली पुलिस ने घर की बाउंड्री तोड़कर चोरी करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, लाखमपुर निवासी मनोज कुमार ने 22 जुलाई 2026 को घर की बाउंड्री तोड़कर चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 371/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

विवेचना और गिरफ्तारी की कार्रवाई के क्रम में उपनिरीक्षक भारत सिंह यादव की टीम ने 25 अक्टूबर को मामले में वांछित झब्बू बिंद उर्फ रामाशंकर बिंद पुत्र स्वर्गीय पन्नालाल बिंद निवासी ईटवा, थाना देहात कोतवाली को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया।

शांति व्यवस्था के तहत 14 लोगों का चालान

मिर्जापुर। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135 के तहत कुल 14 व्यक्तियों का चालान किया।

पुलिस के जारी विवरण के अनुसार, चिल्ह में एक, जिगना में एक, ड्रमंडगंज में दो, चुनार में दो, अदलहाट में छह और मड़िहान में दो व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें