मिर्जापुर में अंतरराज्यीय खरवार गैंग का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार

मिर्जापुर में अंतरराज्यीय खरवार गैंग का भंडाफोड़, 8 गिरफ्तार

65 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद, पुलिस टीम को 25 हजार का पुरस्कार

मिर्जापुर। कटरा कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय खरवार गैंग का खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 65 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को कटरा कोतवाली क्षेत्र के चिनियहवा इनारा डंकीनगंज निवासी रोहित कुमार विश्वकर्मा ने अपनी दुकान में रात के समय अज्ञात चोरों द्वारा आभूषण चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने घटना का शीघ्र खुलासा करने और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में 25 अक्टूबर को अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कटरा कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना तथा भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दिन में रेकी, रात में चोरी

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है। गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और प्रयागराज सहित विभिन्न जिलों के रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों के आसपास डेरा डालकर रहते थे। दिन में शहद अथवा खिलौने बेचने के बहाने घरों और सर्राफा दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में घरों और दुकानों में घुसकर गहने, कीमती सामान और नकदी चोरी करते थे। चोरी के आभूषण बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।

बिहार के रहने वाले हैं सभी आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम खरवार, प्रेम मांझी, प्रेम खरवार, राजकुमार खरवार, चैंपियन कुमार, बीरेंद्र कुमार, विकास कुमार और आनंद कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के कैमूर, भोजपुर और रोहतास जिलों के निवासी बताए गए हैं।

भारी मात्रा में आभूषण बरामद

पुलिस ने बरामदगी में 585 जोड़ी पायल, छह पैजनी, 1,316 मीना, बच्चों के 106 चुड़ले, चांदी की दो अंगूठियां, 24 राखियां, 36 चेन और 17 करधनियां शामिल बताई हैं। इसके अलावा पीली धातु के 10 ज्यूतिया, दो चेन, 11 अंगूठियां, एक लॉकेट, तीन ओम, एक झुमका और एक मांगटीका बरामद किया गया है।

चोरी में इस्तेमाल होने वाले तीन रंभा, तीन छेनी, एक पेचकस, पांच प्लास, एक हथौड़ा और एक कटर भी पुलिस ने बरामद किया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई गई है।

मिर्जापुर के कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरोह के विरुद्ध कटरा कोतवाली, मड़िहान, लालगंज, कोतवाली देहात, राजगढ़, जिगना और संत नगर थानों में चोरी एवं बरामद संपत्ति से संबंधित कुल नौ अभियोग दर्ज बताए गए हैं। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में कटरा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज पाठक, एसओजी प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह और सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सेठ अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त टीम के कार्य की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें