विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए किसानों की बल्ले-बल्ले, ग्रामीण क्षेत्र में सर्किल रेट का 4 गुना मिलेगा मुआवजा

# विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए किसानों को मिलेगा चार गुना मुआवजा, क्रय कमेटी की बैठक में निर्णय

**मीरजापुर, 26 अक्टूबर।** विंध्य एक्सप्रेस-वे एवं विंध्य पूर्वांचल स्पर एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में प्रभावित किसानों को चार गुना तक मुआवजा देने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में गठित क्रय कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया।

बैठक में तहसील चुनार के विंध्य एक्सप्रेस-वे से प्रभावित मड़फा, धौहा, सरिया और जंगल महाल गांवों के शेष काश्तकारों के साथ विंध्य पूर्वांचल स्पर एक्सप्रेस-वे से प्रभावित अगरसंड और रीवां गांव के किसानों के मुआवजे पर चर्चा की गई। इसके अलावा तहसील सदर के बेलवन, अनुरुद्धपुर पूरब पट्टी, मवैया और हिनौती गांवों के प्रभावित किसानों के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में किसानों को भूमि की सर्किल दर और मुआवजे की दरों की जानकारी दी गई। निर्णय के अनुसार, भूमि की प्रकृति के आधार पर ग्रामीण क्षेत्रों में सर्किल रेट का चार गुना तथा शहरी क्षेत्रों में दो गुना मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, भूमि पर स्थित संरचनाओं एवं भवनों का मूल्यांकन वर्तमान दर के आधार पर कर भुगतान किया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें