
हलिया पुलिस ने 193 मुकदमों में बरामद 2438 लीटर अवैध शराब कराई नष्ट
न्यायालय के आदेश पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

मीरजापुर, 26 अक्टूबर। जनपद में माल निस्तारण अभियान के तहत हलिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम के 193 मुकदमों से संबंधित 2438 लीटर अवैध शराब को नियमानुसार नष्ट करा दिया। यह शराब वर्ष 2018 से 2026 के बीच दर्ज मुकदमों में बरामद की गई थी।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को थाना हलिया परिसर में यह कार्रवाई की गई। न्यायालय से विनष्टीकरण का आदेश प्राप्त होने के बाद गठित टीम की मौजूदगी में बरामद शराब को नष्ट कराया गया।
इस दौरान नायब तहसीलदार लालगंज राजू यादव, क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर, जिला आबकारी अधिकारी द्वारा नामित आबकारी निरीक्षक तथा हलिया थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















