
PET-2026 परीक्षा केंद्रों का मंडलायुक्त और डीआईजी ने किया निरीक्षण
सीसीटीवी कंट्रोल रूम से निगरानी व्यवस्था का लिया जायजा, सुरक्षा में सतर्कता बरतने के निर्देश
मिर्जापुर, 25 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए मंडलायुक्त विंध्याचल मंडल राजेश प्रकाश और पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र पूनम ने रविवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर परीक्षा केंद्रों की निगरानी व्यवस्था को परखा।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और डीआईजी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंधों, अभ्यर्थियों के आवागमन तथा परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरतने को कहा।
अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी कर्मचारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं तथा जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करें।















