मीरजापुर में हत्या के चार आरोपी गिरफ्तार, धान चोरी में तीन पकड़े गए

मीरजापुर में हत्या के चार आरोपी गिरफ्तार, धान चोरी में तीन पकड़े गए

पैतृक संपत्ति के विवाद में युवक की हत्या के मामले में तीन पुरुष और एक महिला गिरफ्तार, सात बोरी चोरी का धान बरामद

मीरजापुर। जनपद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हत्या, चोरी और अवैध शराब के मामलों में कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 34 व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

पैतृक संपत्ति के विवाद में युवक की हत्या, चार गिरफ्तार

कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बीरशाहपुर गांव में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में युवक अतुल दुबे की हत्या के मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को अतुल दुबे काम पर जा रहे थे। इसी दौरान सरकारी ट्यूबवेल के पास पट्टीदारों ने एकराय होकर लाठी-डंडे और रॉड से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक के पिता कृपाशंकर दुबे की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। मामले में आयुष दुबे, प्रमोद दुबे, उमाशंकर दुबे और उषा दुबे को गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया।

गोदाम से धान चोरी, तीन गिरफ्तार

संतनगर बाजार स्थित गोदाम से धान चोरी के मामले में संतनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गोदाम से करीब आठ बोरी धान गायब किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेचन उर्फ करन पांडेय, संदीप चौहान और मनोज कोल के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सात बोरी धान बरामद किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया।

17 पैकेट देशी शराब के साथ एक गिरफ्तार

जमालपुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम ढेबरा से सुरेश कुमार सिंह निवासी दरियापुर, थाना चुनार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से 200 एमएल के 17 पैकेट देशी शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।

34 व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई

जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126/135 के तहत 34 व्यक्तियों का चालान किया। इसमें विंध्याचल से दो, पड़री से नौ, लालगंज से सात, जिगना से नौ, चुनार से पांच, अहरौरा और राजगढ़ से एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें